EPISODE-6 जा, जी ले अपनी ज़िंदगी 27/03/2026
EPISODE 6
जा, जी ले अपनी ज़िंदगी 27/03/2026
INTRO MUSIC
नमस्कार दोस्तों! मैं मीता गुप्ता, एक आवाज़, एक दोस्त, एक
किस्से कहानियां सुनाने वाली आपकी मीत । लीजिए हाज़िर हैं, नए जज़्बात, नए किस्से, और कुछ
पुरानी यादें, उसी मखमली आवाज़ के साथ...आज हम बात
करने जा रहे हैं सिमरन की..और सिमरन की ज़िंदगी की..
सिमरन के रिश्तों की..आपको सिमरन तो याद है ना.. दोस्तों..
MUSIC
कल
टीवी के चैनल बदलते हुए एक डायलॉग कानों में पड़ा, ‘जा सिमरन जा, जी ले
अपनी ज़िंदगी’…..मैं सोचने लगी कि कहने को तो ये एक फिल्मी डायलॉग है, पर असल में गहरा अर्थ छिपा है इसमें....वैसे सोचा
जाए तो हम में से कितने लोग अपनी ज़िंदगी जी पाते हैं?....कुछ लोग कहते हैं कि वे तो बस काट रहे हैं....कुछ कहते हैं कि बस कट
रही है ज़िंदगी....बहुत कम लोग ऐसे होते हैं, जो अपने भीतर झाँकते हैं और ज़िंदगी जीने की कोशिश करते हैं यानी अपने
सपनों को परवाज़ देते हैं ..
"जा सिमरन जा, जी ले अपनी ज़िंदगी" का आखिर अर्थ क्या है? भाव क्या है? मुझे तो यही समझ आता है कि किसी व्यक्ति को उसकी ज़िंदगी उसकी अपनी शर्तों पर जीने की आज़ादी। जीवन को अपनी मर्जी से जीना चाहिए और
अपने सपनों को पूरा करने का कोई मौका छोड़ना नहीं चाहिए। यह डायलॉग स्वतंत्रता और
आत्मनिर्णय का प्रतीक है। इस वाक्य में सिमरन के पिता उसे स्वतंत्रता और अपनी
इच्छाओं के अनुरूप जीवन जीने की अनुमति दे रहे हैं। यह एक महत्वपूर्ण और भावनात्मक
क्षण है, जहाँ एक पिता अपनी बेटी को उसकी
खुशियों और सपनों की ओर बढ़ने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है, भले ही इसका मतलब हो कि इसके लिए उसे अपनी
परंपराओं से परे जाना होगा । यह संवाद आत्मनिर्भरता का प्रतीक भी है। इसका अर्थ यह
भी है कि खुद को पहचानो। समाज की सड़ी गली
मान्यताओं को तोड़ अपने लिए अपनी पसंद के रास्ते चुनो। जो जीर्ण शीर्ण हो गया हो, उस प्रासाद को तो ध्वस्त होना ही होगा, नहीं तो नवनिर्माण के नए अंकुर कैसे खिलेंगे?, है न दोस्तों! बेबी स्टेप्स ही सही, स्टेप्स तो लेने होंगे न । कोई भी प्राणी हो, सब उन्मुक्तता चाहते हैं, कोई बंधन नहीं चाहता, चाहे वे सोने के ही बंधंन क्यों न हों? हम इस धरती पर आए हैं किसी निमित्त के साथ....उस निमित्त को पूरा करने
के लिए जीना ज़रूरी है, और
केवल जीना ही नहीं, आनंद
के साथ जीना, खुद को और दूसरों को प्रेरित करना, जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाना, छोटी छोटी
खुशियों का महत्व समझना। है न दोस्तों!
MUSIC
पिछले दिनों एक मित्र का संदेश मिला, जिसमें उन्होंने अपनी एक समस्या साझा की थी।
मित्र की समस्या को जानकर मुझे लगा कि ना जाने कितने लोग इस तरह की समस्या से गुज़र
रहे होंगे और ज़िंदगी को निराशा में डुबा चुके होंगे। उन्होंने अपनी ज़िंदगी के सुंदर सपनों के बारे में लिखा था, पर यह भी लिखा था कि जिसके साथ ये सपने देखे थे, वो अब उनकी ज़िंदगी से दूर चली गई है, कभी वापस न आने के लिए। ज़िंदगी में बहुत कुछ ऐसा घटता है, जिसकी हमने कल्पना भी नहीं की होती है। लोग मिलते
है, अलग हो जाते हैं, बिछड़ जाते हैं, पुराने साथी छूटते हैं, सदा सदा के लिए.. लेकिन कुछ समय बाद नए मिल जाते
हैं, ज़िंदगी यूँ ही चलती रहती है। यह
सामान्य सी बात है, लेकिन असामान्य बात यह हुई कि मेरे मित्र अभी तक
उस रिश्ते से खुद को अलग नहीं कर पा रहे हैं। जो चला गया, उसकी याद में ज़िंदगी तबाह करना और अब उसकी ख़ुशी
के लिए हर वो काम करना, जो वो
चाहता था। उसके सिवा किसी और को मन में न बसाना क्योंकि प्रेम तो एक बार ही होता
है आदि आदि... हज़ारों बातें... अक्सर ऐसी बातें हमें अपने आसपास सुनने को मिल ही
जाती हैं और ऐसे लोग भी दिख जाते हैं, जिन्होंने किसी व्यक्ति विशेष के कारण अपनी ज़िंदगी को बरबाद कर लिया
हो। प्रेम जिससे था, वो मिला नहीं, तो विवाह ही नहीं किया या समाज के दबाव में आकर, कर भी लिया, तो ज़िंदगी भर अतीत से चिपके रहे और वर्तमान को दरकिनार कर दिया। सुनने
में, पढ़ने में ये बातें साधारण लगती हैं, लेकिन बिलकुल भी साधारण नहीं हैं। कितने
लोग हैं, जो अपने साथी के बिछड़ने के गम में
या तो खुद को चोट पहुँचाते हैं या अपने साथी को चोट पहुँचाते हैं या फिर नशे के
अंधेरों में खो जाते हैं। ऐसी असामान्यता पढ़े
लिखे मेच्योर लोग में भी दिखती है। अरे भई, आप बंदरिया की तरह मरे हुए बच्चे से क्यों चिपके हुए हैं? मरे हुए बच्चे यानी मरे हुए रिश्ते.... वे संबंध
जिनका आपके जीवन में अब कोई अस्तित्व ही नहीं है।
दोस्तों! यहाँ एक बात और जोड़ना
चाहती हूँ कि अक्सर महिलाओं को अति भावुक और अति संवेदनशील समझा जाता है तथा
दलीलें दी जाती हैं कि प्रेम और रिश्तों के मामलों में महिलाएँ ज़्यादा सच्चाई के
साथ जुड़ती हैं या कि महिलाएँ शिद्दत से प्रेम करती हैं और पुरुष प्रेम को यूँ ही
हलके तौर पर लेता है। लेकिन मेरा अनुभव कहता है कि पुरुष जब किसी के साथ खुद को
जोड़ते हैं, तो वे आसानी से अपने साथी को भुला
नहीं पाते, वे शिद्दत से उससे जुड़े ही रहते हैं।
महिलाएँ जहाँ विवाह के बाद अपनी नई दुनिया में रम जाती हैं, वहीं पुरुष ज़िंदगी भर अपने दिल पे बोझ लिए घूमते
रहते हैं। एक और फिल्म की बात करते हैं, ‘वो सात
दिन’। कुछ याद आया दोस्तों?
MUSIC
अब सवाल यह है कि क्या सच में प्रेम
इतनी बड़ी चीज़ है कि आप खुद को मिटा दें? या जिसे प्रेम करते हैं, उसे ही
मिटा दे? या फिर अपनी पूरी ज़िंदगी को ही तबाह
कर डालें? या फिर उसकी ज़िंदगी को ही तबाह कर
डालें? क्या खुदा ने, ईश्वर ने प्रेम इसीलिए बनाया है?
प्रेम तो एक प्रबल सकारात्मक संवेग
है, जो एक बार अपने लक्ष्य को तय कर लेता
है, तो दूसरे सभी लक्ष्य गौण हो जाते
हैं। मनुष्य अपने उस लक्ष्य को ज़िंदगी की ज़रूरत और हितों का केंद्र बना लेता है।
जैसे देश से प्रेम करना, माँ का
बच्चों के प्रति स्नेह, संगीत
या किसी कला के प्रति प्रेम आदि आदि। कुछ
लोग अपने प्रिय पात्र के अलावा किसी और
से प्रेम नहीं कर पाते। कोई व्यक्ति विशेष
उनके लिए सबसे अहम हो जाता है, अपने
प्रिय पात्र को हासिल करने के अलावा उनके जीवन का कोई लक्ष्य रहता
ही नहीं। इस राह में जो भी बाधाएँ आती हैं, उन्हें वो हटा देना चाहते हैं, चाहे समाज के नियम हों या परिवार की मर्यादा। आए दिन होने वाले
विवाहेतर संबंधों, एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के मूल में
भी यही मंशा काम करती है। परिणाम चाहे जो भी हो, लेकिन प्रेम के नाम पर ये अपराध बखूबी हो रहे हैं। है न दोस्तों!
आप जहाँ है, जिसके साथ है, उसे ही प्रेम कीजिए। यह नहीं हो सकता, तो खुद से प्रेम कीजिए। याद रखिए, प्रेम एक गहरी समझ है, एक
घटना है, जो किसी भी क्षण आपकी ज़िंदगी में घट
सकती है। आपके रोकने से या तर्कों से वो रुकने वाली नहीं है। वो झरने के वेग की
भांति निर्बाध गति से बहती है। हम
अपने ज़िंदगी में कई बार, कई तरह
का और बार बार प्रेम करते हैं क्योंकि
प्रेम हमारी ज़रूरत है, हमारे
अस्तित्व की पहचान है, वह
ज़मीन है, जिस पर हम पैर जमा कर खड़े होते हैं, यह हमारा विश्वास भी है, उम्मीद भी है और सपना भी।
MUSIC
दोस्तों! हम ना तो समाज के बिना और
ना ही प्रेम के बिना जीवित रह सकते हैं। जो लोग प्रेम की पवित्र भावना और समाज के
बीच संतुलन बना लेते हैं, जो
प्रेम को व्यापकता देते हैं, प्रेम
के सही अर्थों को खोजने की कोशिश करते हैं, इसे एक व्यक्तिगत ज़िम्मेदारी के रूप में लेते हैं, वे अंतर्द्वंद्वों और कुंठाओं से भी जूझ लेते हैं
और अपनी व्यक्तिगत ज़रूरतों और सामाजिक सरोकारों के बीच तारतम्यता बिठा ही लेते
हैं। दरअसल, सुगंध भी तो संतुलन में ही है। है न..| प्रेम को व्यापक किया जाए, मन की खिड़कियों को ज़रा खोल दिया जाए, संशय, भय, शंकाओं के परदे को हटाया जाए, जो इस पल है, उसे
याद रखें, जो जा रहा है, उसे जाने दें। जो दरवाज़े पर है, उसका स्वागत करें। यह ज़िंदगी आपकी और सिर्फ़ आपकी
है, और आपको अधिकार है जीने का, खुश रहने का, मुस्काने का। किसी की इतनी बिसात नहीं कि वो आपकी खुशियाँ, आपके सपने, आपकी हँसी, आपकी
मुस्कान आपसे छीन सके? आप
जहाँ है, ज़िंदगी वहीं है...खुशियाँ भी वहीं
हैं। आप खुश रही, आप खुश होइए क्योंकि आप खुश होने के
लिए ही बने हैं। आप प्रेम कीजिए क्योंकि आप प्रेम के लिए ही बने हैं। आप मुस्काइए क्योंकि आप मुस्काते हुए बहुत अच्छे लगते हैं।
ज़िंदगी के हर पल को जी लीजिए, हँस
लीजिए। ये सारा आसमान आपका है, क्यों
न क्षितिज के उस पार घूम आइए। किसी से भी मिलिए, उससे प्यार कीजिए, खुद से प्यार कीजिए... अपने काम से भी... अपने
नाम से भी... बस ज़रा सा ही सही पर... जा
सिमरन जा, जी ले अपनी ज़िंदगी.. सिर्फ़ सिमरन ही
क्यों, आप
हम सभी..आइए, जी लें
अपनी ज़िंदगी..
MUSIC
मेरी ये बातें यहाँ खत्म नहीं होंगी, हों भी कैसे?आपका अधिकार है खुश होना, मुँह क्यों लटकाया है भई, एक बार मुस्करा कर इधर तो देखिए.. देखेंगे न ! सुनिएगा ज़रूर… हो सकता है, सिमरन की इस कहानी में आपकी भी कहानी छुपी हो! अपनी कहानी को मेरे साथ साझा
कीजिए.. मैसेज बॉक्स में अपनी कहानी लिखिए.. मुस्कराइए.. और मुस्करा कर मेरे चैनल को सब्सक्राइब कीजिए...मुझे सुनिए....औरों को
सुनाइए....मिलती हूँ आपसे अगले एपिसोड के साथ...
नमस्कार दोस्तों....वही प्रीत...वही
किस्से कहानियाँ लिए.....आपकी मीत.... मैं, मीता गुप्ता...
END MUSIC
***********************************
Comments
Post a Comment